छत्तीसगढ़

Cyclone Arnab Alert : छत्तीसगढ़ के कई जिलों में स्कूल बंद, भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी

छत्तीसगढ़ में चक्रवात ‘अर्नब’ का असर! कई जिलों में स्कूल बंद, भारी बारिश का अलर्ट

रायपुर। बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के संभावित प्रभाव को देखते हुए छत्तीसगढ़ में प्रशासन अलर्ट पर है। मौसम बिगड़ने और भारी बारिश की आशंका के बीच प्रदेश के कई जिलों में विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर 28 अक्टूबर, बुधवार को स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है। दंतेवाड़ा, बीजापुर, बालोद, कांकेर, राजनांदगांव, मोहला-मानपुर और धमतरी समेत कई जिलों में शैक्षणिक संस्थानों को बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं।

धमतरी में सभी शैक्षणिक संस्थान रहेंगे बंद

मौसम विभाग की ओर से भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किए जाने के बाद धमतरी जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाया है। जिले में बुधवार को सभी शैक्षणिक संस्थानों में अवकाश घोषित किया गया है। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका जताई गई है। विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी ने यह आदेश जारी किया है।

बालोद में विद्यार्थियों को छुट्टी, शिक्षकों को आना होगा

बालोद जिले में भी चक्रवात और भारी बारिश की आशंका को देखते हुए सभी शासकीय, अशासकीय और अनुदान प्राप्त स्कूलों में बुधवार को अवकाश घोषित किया गया है। यह आदेश प्राथमिक, माध्यमिक, हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूलों पर लागू होगा। हालांकि, जारी निर्देशों के अनुसार छुट्टी केवल विद्यार्थियों के लिए है। शिक्षकों को अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना होगा।

राजनांदगांव, मोहला-मानपुर समेत कई जिलों में आदेश जारी

विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए राजनांदगांव और मोहला-मानपुर जिलों में भी 28 अक्टूबर को स्कूल बंद रखने का फैसला लिया गया है। वहीं, दंतेवाड़ा, बीजापुर और कांकेर सहित अन्य प्रभावित जिलों में भी प्रशासन की ओर से एहतियाती कदम उठाए गए हैं।

अगले दो दिनों तक बिगड़ा रह सकता है मौसम

चक्रवात के संभावित प्रभाव से छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदलने की आशंका है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के दौरान प्रदेश के विभिन्न जिलों में भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी दी है। इसके अलावा आंधी-तूफान, तेज हवाओं और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है। कुछ क्षेत्रों में हवा की गति 50 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

प्रशासन की लोगों से सतर्क रहने की अपील

खराब मौसम की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने नागरिकों से सावधानी बरतने की अपील की है। लोगों को तेज हवाओं और बारिश के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने, बिजली कड़कने के समय खुले मैदानों से दूर रहने तथा अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button