छत्तीसगढ़ में ED की बड़ी कार्रवाई, रायपुर में नितिन डागा और दुर्ग में गुलशन बघेल के ठिकानों पर छापेमारी
छत्तीसगढ़ में ED की बड़ी कार्रवाई, रायपुर में नितिन डागा और दुर्ग में गुलशन बघेल के घर छापेमारी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम ने सोमवार को प्रदेश के कई जिलों में छापेमारी की। रायपुर और दुर्ग में कारोबारियों के ठिकानों पर पहुंची ED की टीम दस्तावेजों की जांच कर रही है। रायपुर में नितिन डागा के निवास और दुर्ग में गुलशन बघेल के घर पर कार्रवाई की जानकारी सामने आई है। फिलहाल इस कार्रवाई के संबंध में आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
रायपुर में नितिन डागा के घर सुबह पहुंची ED की टीम
राजधानी रायपुर के पंडरी क्षेत्र के रवि नगर स्थित सुशील विला में ED की टीम ने सोमवार सुबह करीब 4 बजे दबिश दी। जानकारी के मुताबिक, दो गाड़ियों में पहुंचे अधिकारियों ने कारोबारी नितिन डागा के घर दस्तावेजों की जांच शुरू की। बताया जा रहा है कि नितिन डागा ज्वेलरी और जमीन के कारोबार से जुड़े हैं। टीम की कार्रवाई फिलहाल जारी है।
दुर्ग में गुलशन बघेल के ठिकाने पर भी छापेमारी
इधर, दुर्ग की ऋषभ कॉलोनी में गुलशन बघेल के घर पर भी ED की टीम पहुंची। जानकारी के अनुसार, दो गाड़ियों में पहुंचे दल में 10 से अधिक अधिकारी शामिल थे। टीम मौके पर दस्तावेजों की जांच कर रही है।
गुलशन बघेल, बघेल्स कॉर्पोरेट प्राइवेट लिमिटेड के फाउंडर बताए जाते हैं। कंपनी भवन निर्माण, सड़क निर्माण, अर्थवर्क, मटेरियल हैंडलिंग और परिवहन सेवाओं से संबंधित कार्य करती है। कंपनी सरकारी और निजी क्षेत्र की निर्माण परियोजनाओं में भी काम करती है।
भारतमाला प्रोजेक्ट से जुड़े मामले में कार्रवाई की आशंका
दोनों ठिकानों पर ED की कार्रवाई को भारतमाला परियोजना से जुड़े मामले से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, जांच किस मामले में की जा रही है, इसे लेकर अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है।
गुलशन बघेल पर करीब छह साल पहले एक महिला को सरकारी नौकरी दिलाने का दावा कर कथित ठगी करने के आरोप में मामला दर्ज होने की जानकारी भी सामने आई थी। आरोप था कि उन्होंने खुद को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का भतीजा बताकर महिला को नौकरी दिलाने का भरोसा दिया था। इन आरोपों की मौजूदा ED कार्रवाई से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।




