Bhopal Traffic Alert: दशहरे पर घर से निकलने से पहले जान लें रूट डायवर्जन, इन रास्तों पर रहेगी रोक
भोपाल। दशहरे के अवसर पर राजधानी भोपाल में मंगलवार, 20 अक्टूबर को यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। शहर के 18 प्रमुख मैदानों में रावण दहन, श्रीराम विजय रथ यात्रा और 50 से 60 स्थानों पर पथ संचलन के चलते कई इलाकों में ट्रैफिक प्रभावित होने की संभावना है।

भोपाल। दशहरे के अवसर पर राजधानी भोपाल में मंगलवार, 20 अक्टूबर को यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। शहर के 18 प्रमुख मैदानों में रावण दहन, श्रीराम विजय रथ यात्रा और 50 से 60 स्थानों पर पथ संचलन के चलते कई इलाकों में ट्रैफिक प्रभावित होने की संभावना है। यातायात पुलिस ने दोपहर 2 बजे से शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया है। वहीं, शाम 5 बजे के बाद भीड़ और आयोजनों की स्थिति के अनुसार विभिन्न मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्ट किया जाएगा।
छोला और भेल दशहरा मैदान जाने वाले लोगों के लिए वैकल्पिक रास्ते और पार्किंग की व्यवस्था की गई है। दुर्गा प्रतिमा विसर्जन को देखते हुए प्रमुख घाटों पर भी सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।
यातायात संबंधी जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 0755-2677340 जारी किया गया है।
इन रास्तों से भारी वाहनों की एंट्री बंद
दशहरे के आयोजन को देखते हुए दोपहर 2 बजे से खजूरी बायपास, मुबारकपुर चौराहा, नया बायपास लांबाखेड़ा, चौपड़ाकला बायपास, पटेलनगर, भानपुर, बेस्टप्राइज, करोंद चौराहा, लालघाटी, प्रभात पेट्रोल पंप चौराहा, सुभाष नगर फाटक, जिन्सी चौराहा, हबीबगंज नाका, सूरज नगर और मिसरोद 11 मील से भारी वाहनों का शहर में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
शाम 5 बजे के बाद रावण दहन स्थलों और प्रमुख आयोजन वाले क्षेत्रों में भीड़ के अनुसार यातायात मार्ग बदले जा सकते हैं। ऐसे में वाहन चालकों को घर से निकलने से पहले वैकल्पिक रास्तों की जानकारी लेने की सलाह दी गई है।
श्रीराम विजय रथ यात्रा के दौरान इन रास्तों पर असर
श्रीराम विजय रथ यात्रा मारवाड़ी रोड स्थित बांके बिहारी मंदिर से शुरू होकर चिंतामन चौराहा, यूनानी सफाखाना, सुल्तानिया रोड, चौकी चौक, घोड़ा नक्कास और छोटे भैया चौराहे से होते हुए नादरा बस स्टैंड पहुंचेगी। इसके बाद यात्रा छोला दशहरा मैदान की ओर बढ़ेगी।
रथ यात्रा के नादरा बस स्टैंड पहुंचने पर भोपाल टॉकीज चौराहे और अल्पना तिराहे से नादरा की ओर वाहनों की आवाजाही रोकी जाएगी।
छोला रोड पर यात्रा आगे बढ़ने के दौरान दशहरा मैदान जाने वाले वाहन काजी कैंप, डीआईजी बंगला, जेपी नगर तिराहा, कृषि उपज मंडी के सामने और बेस्टप्राइज होकर जा सकेंगे।
विदिशा और बैरसिया से नादरा बस स्टैंड तथा पुतलीघर बस स्टैंड आने वाली बसें भानपुर चौराहे या बेस्टप्राइज तिराहे तक ही आ सकेंगी। शाम 6 बजे के बाद इन बसों को दोनों बस स्टैंड तक जाने की अनुमति नहीं होगी।
छोला दशहरा मैदान जाने वाले यहां करें पार्किंग
छोला दशहरा मैदान में रावण दहन देखने जाने वाले लोगों के लिए रेलवे गोदाम के पास, टिंबर मार्केट और स्टेडियम के नजदीक पार्किंग निर्धारित की गई है।
भानपुर चौराहे से मैदान की ओर केवल हल्के वाहनों और दोपहिया वाहनों को जाने की अनुमति रहेगी। लोगों से अपील की गई है कि वे अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें, ताकि सड़क पर जाम की स्थिति न बने।
भेल दशहरा मैदान जाने के लिए अपनाएं वैकल्पिक रास्ता
भेल दशहरा मैदान के आसपास चेतक ब्रिज, अन्ना नगर, करियर कॉलेज, बीएचईएल गेट नंबर-6, सिक्योरिटी लाइन तिराहा और हेमा स्कूल के पास यातायात का दबाव बढ़ सकता है।
एमपी नगर और चेतक ब्रिज से अवधपुरी जाने वाले वाहन अन्ना नगर से दाएं मुड़कर हबीबगंज मस्जिद तिराहे तक पहुंच सकते हैं। यहां से बाएं मुड़कर जवाहरलाल नेहरू गुलाब उद्यान के रास्ते बीएचईएल और अवधपुरी की ओर जाया जा सकता है।
सुबह 8 से दोपहर 2 बजे तक पथ संचलन का असर
दशहरे के अवसर पर शहर में करीब 50 से 60 स्थानों पर पथ संचलन निकाले जाएंगे। इसके चलते पुराने शहर के अशोका गार्डन, छोला, शाहजहांनाबाद, कोतवाली, तलैया, बुधवारा, मंगलवारा और हनुमानगंज क्षेत्रों में सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक यातायात प्रभावित हो सकता है।
इन इलाकों से गुजरने वाले वाहन चालकों को अतिरिक्त समय लेकर निकलने और जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।
भोपाल के इन 18 मैदानों में होगा रावण दहन
राजधानी में दशहरे के अवसर पर इन 18 स्थानों पर रावण दहन के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे:
बैरागढ़
गांधीनगर
कोहेफिजा
छोला
हाउसिंग बोर्ड
अशोका गार्डन
जंबूरी
अयोध्या नगर
भेल
एमवीएम कॉलेज
विट्ठल मार्केट
लहारपुरा
पांच नंबर बस स्टॉप
ओल्ड कैंपियन
टीटी नगर
कोलार
शाहपुरा
कलियासोत एडवेंचर ग्राउंड
इन मैदानों के आसपास कार्यक्रम के दौरान भीड़ बढ़ने पर यातायात में अतिरिक्त बदलाव किए जा सकते हैं।
दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के लिए भी पुख्ता इंतजाम
दशहरे के साथ दुर्गा प्रतिमा विसर्जन को लेकर भी प्रशासन ने तैयारी की है। शहर में सात हजार से अधिक प्रतिमाओं का विसर्जन तीन दिनों तक चलने की संभावना है।
इसके लिए खटलापुरा, प्रेमपुरा, बैरागढ़, हथाईखेड़ा, शाहपुरा, आर्च ब्रिज, मालीखेड़ी, सीहोर नाका, अनंतपुरा, ईटखेड़ी और नरोन्हा सांकल सहित प्रमुख घाटों पर व्यवस्थाएं की गई हैं।
घाटों पर बैरिकेडिंग के साथ गोताखोर, क्रेन, जेसीबी और लाइफ जैकेट की व्यवस्था की गई है। सुरक्षा, सफाई और विसर्जन संबंधी कार्यों के लिए करीब पांच हजार अधिकारी-कर्मचारियों की तैनाती की गई है।
हाल ही में न्यू मार्केट में हुए अग्निकांड के बाद रावण दहन स्थलों पर अग्नि सुरक्षा को लेकर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। संकरी गलियों में रावण दहन नहीं करने सहित सुरक्षा संबंधी निर्देश दिए गए हैं।
यातायात पुलिस की अपील: दशहरे पर घर से निकलने से पहले रूट डायवर्जन की जानकारी जरूर लें। निर्धारित पार्किंग का इस्तेमाल करें और भीड़भाड़ वाले इलाकों में यातायात नियमों का पालन करें। किसी भी तरह की यातायात संबंधी जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 0755-2677340 पर संपर्क किया जा सकता है।


