छत्तीसगढ़

CM साय का बड़ा ऐलान: 29 करोड़ के सड़क विकास कार्यों का भूमिपूजन, शिक्षा के लिए भी करोड़ों की सौगात

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बाबा गुरु घासीदास जी के सत्य, अहिंसा और सामाजिक समरसता के संदेश को प्रदेश सरकार की प्राथमिकता बताते हुए कहा कि राज्य सरकार समाज के सभी वर्गों के सम्मान, सशक्तीकरण और सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बाबा गुरु घासीदास जी के सत्य, अहिंसा और सामाजिक समरसता के संदेश को प्रदेश सरकार की प्राथमिकता बताते हुए कहा कि राज्य सरकार समाज के सभी वर्गों के सम्मान, सशक्तीकरण और सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री 21 अक्टूबर को आरंग विकासखंड स्थित भंडारपुरी धाम में आयोजित गुरु दर्शन एवं संत समागम मेले में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने गुरुगद्दी आसन के दर्शन कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने करीब 29 करोड़ रुपये की लागत वाले तीन सड़क विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। साथ ही शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े चार विकास कार्यों की घोषणा की। इसके अलावा अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण मद से प्रदेश में 40 स्थानों पर लकड़ी के जैतखाम स्थापित करने का ऐलान किया।
बाबा गुरु घासीदास जी के संदेश पर चलने का आह्वान
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि संत शिरोमणि बाबा गुरु घासीदास जी ने सत्य, अहिंसा, करुणा, समानता और सामाजिक समरसता का जो संदेश दिया, वह आज भी पूरे मानव समाज के लिए मार्गदर्शक है। उनका संदेश ‘मनखे-मनखे एक समान’ समाज को भेदभाव से ऊपर उठकर प्रेम, सद्भाव और समानता के रास्ते पर चलने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि भंडारपुरी धाम सतनाम पंथ की आस्था का प्रमुख केंद्र होने के साथ छत्तीसगढ़ की समृद्ध सामाजिक और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। गुरु दर्शन एवं संत समागम मेला सामाजिक एकता, आस्था और सद्भाव की परंपरा को मजबूत करता है।
चार विकास कार्यों के लिए राशि देने की घोषणा
मुख्यमंत्री ने तकनीकी शिक्षा एवं कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब की मांग पर चार महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों के लिए राशि देने की घोषणा की।
खमतराई: ग्राम पंचायत में हाई स्कूल भवन निर्माण के लिए 75 लाख रुपये।
ओड़का, आरंग: नवीन प्राथमिक शाला भवन के लिए 30 लाख रुपये।
मंदिर हसौद: पीएम श्री स्कूल में विभिन्न निर्माण कार्यों के लिए 1 करोड़ रुपये।
चंदखुरी: नगर पंचायत कार्यालय के नए भवन निर्माण के लिए 85 लाख रुपये।
इसके साथ ही अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण मद से 40 स्थानों पर लकड़ी के जैतखाम स्थापित किए जाएंगे।
28.96 करोड़ रुपये के सड़क विकास कार्यों का भूमिपूजन
मुख्यमंत्री ने कुल 28 करोड़ 96 लाख 82 हजार रुपये की लागत के तीन सड़क विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इन परियोजनाओं का उद्देश्य क्षेत्र में आवागमन को सुगम बनाना और गांवों के बीच सड़क संपर्क को मजबूत करना है।
तीनों सड़क परियोजनाओं का विवरण इस प्रकार है:
मोहंदी-अड़सेना मार्ग: 8 करोड़ 31 लाख 5 हजार रुपये की लागत से 4 किलोमीटर सड़क का चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण।
नरदहा आंतरिक मार्ग: 3 करोड़ 30 लाख 78 हजार रुपये की लागत से 2 किलोमीटर सड़क का निर्माण।
छतौना-दरबा-कूटेसर-बड़गांव-कुंडा-नारा-लखौली मार्ग: 17 करोड़ 34 लाख 99 हजार रुपये की लागत से 29 किलोमीटर सड़क का डामर नवीनीकरण।
इन कार्यों के पूरा होने से स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा मिलने और क्षेत्रीय संपर्क बेहतर होने की उम्मीद है।
सतनामी समाज के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में मिलेगी मदद
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार सतनामी समाज की शैक्षणिक, सामाजिक और आर्थिक प्रगति के लिए लगातार काम कर रही है। युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी का अवसर देने के लिए दिल्ली स्थित कोचिंग संस्था में सीटों की संख्या 100 से बढ़ाकर 200 कर दी गई है।
उन्होंने भंडारपुरी में मोती महल के भूमिपूजन का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार समाज की आस्था, संस्कृति और गौरव से जुड़े स्थलों के विकास एवं संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य का उल्लेख करते हुए विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सभी से भागीदारी निभाने की अपील की।
गुरु खुशवंत साहेब और धर्मगुरु बालदास साहेब ने भी रखे विचार
कार्यक्रम में तकनीकी शिक्षा एवं कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सतनामी समाज का विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि समाज की ओर से रखी गई विकास संबंधी मांगों पर सरकार ने सकारात्मक पहल की है।
वहीं, सतनामी समाज के धर्मगुरु बालदास साहेब ने लोगों से बाबा गुरु घासीदास जी के विचारों और आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने सत्य, सद्भाव, समानता और मानवता के मार्ग पर चलने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा, मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, अभनपुर विधायक इंद्र कुमार साहू, राजिम विधायक रोहित साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि, संतगण, समाज के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button