Cyclone Arnab: छत्तीसगढ़ में 28-29 अक्टूबर को भारी बारिश का अलर्ट, रायपुर में भी बदलेगा मौसम
छत्तीसगढ़ में चक्रवात का असर, 28-29 अक्टूबर को भारी बारिश की चेतावनी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के असर से मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 28 और 29 अक्टूबर को प्रदेश के कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान गरज-चमक, आकाशीय बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की भी आशंका है। वहीं, राजधानी रायपुर में 27 अक्टूबर को बादल छाने के साथ बारिश होने के आसार हैं।
बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवात, बढ़ेगी बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ बंगाल की खाड़ी के पश्चिम-मध्य और उससे सटे पूर्व-मध्य क्षेत्र में सक्रिय है। इसके 27 अक्टूबर तक अत्यंत गंभीर चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना जताई गई है। अनुमान है कि तूफान उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए 28 अक्टूबर की सुबह आंध्र प्रदेश और यनम के तट के पास बापटला और विशाखापत्तनम के बीच पहुंच सकता है।
तूफान के तट के पास पहुंचने के दौरान हवा की रफ्तार 115 से 125 किलोमीटर प्रति घंटा तक रहने की आशंका है। वहीं, हवा के झोंके 140 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकते हैं। इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ के कई जिलों में बारिश की गतिविधियां तेज होने का अनुमान है।
रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी रायपुर में 27 अक्टूबर को आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रह सकता है। मौसम विभाग ने बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। शहर में अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
छत्तीसगढ़ के इन 6 जिलों में यलो अलर्ट
मौसम विभाग ने मंगलवार सुबह छह जिलों में खराब मौसम की आशंका को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया है। इनमें सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, कोंडागांव और गरियाबंद शामिल हैं।इन जिलों में बारिश के साथ गरज-चमक, आकाशीय बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
लोगों को सतर्क रहने की सलाह
चक्रवाती तूफान के प्रभाव से प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक मौसम अस्थिर रह सकता है। ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी जाती है। साथ ही, मौसम विभाग की ओर से जारी ताजा चेतावनियों पर नजर बनाए रखना जरूरी है।




