Chhattisgarh Weather Update: छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान का असर, 28-29 अक्टूबर को भारी बारिश का अलर्ट
बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान तेज, छत्तीसगढ़ में भारी बारिश का अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान का असर प्रदेश के मौसम पर पड़ने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, 28 और 29 अक्टूबर को प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। वहीं, कुछ स्थानों पर अति भारी बारिश के आसार हैं। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है।
बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान, छत्तीसगढ़ में बदलेगा मौसम
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती तूफान 27 अक्टूबर से और अधिक तीव्र हो सकता है। इसके 28 अक्टूबर की सुबह आंध्र प्रदेश के तट के पास पहुंचने तथा बापटला और विशाखापत्तनम के बीच तट पार करने की संभावना जताई गई है। इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।
प्रदेश में फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है, लेकिन अगले कुछ दिनों में मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने 28 और 29 अक्टूबर को प्रदेश के कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई है। कुछ इलाकों में अति भारी वर्षा भी हो सकती है।
रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी रायपुर में सोमवार, 26 अक्टूबर को मौसम साफ रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार, शहर का अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 20 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। फिलहाल राजधानी में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है, लेकिन 28 और 29 अक्टूबर को चक्रवाती तूफान के प्रभाव से बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।




