CM विष्णुदेव साय ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का किया स्वागत, दो दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ पहुंचीं
रायपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू गुरुवार को छत्तीसगढ़ के दो दिवसीय दौरे पर रायपुर पहुंचीं। स्वामी विवेकानंद विमानतल पर राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने उनका स्वागत किया। एयरपोर्ट से राष्ट्रपति का काफिला लोक भवन के लिए रवाना हुआ।

रायपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू गुरुवार को छत्तीसगढ़ के दो दिवसीय दौरे पर रायपुर पहुंचीं। स्वामी विवेकानंद विमानतल पर राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने उनका स्वागत किया। एयरपोर्ट से राष्ट्रपति का काफिला लोक भवन के लिए रवाना हुआ। अपने प्रवास के दौरान वे राजधानी में कई महत्वपूर्ण आयोजनों में भाग लेंगी। इसके बाद 23 अक्टूबर को जगदलपुर पहुंचकर बस्तर दशहरा की विशिष्ट परंपरा मुरिया दरबार में शामिल होंगी।
माता साहिब हासी देवी की जयंती पर जारी होगा स्मारक सिक्का
राष्ट्रपति के रायपुर प्रवास के दौरान शदाणी दरबार की पंचम पीठाधीश माता साहिब हासी देवी की 200वीं जयंती के उपलक्ष्य में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर राष्ट्रपति 200 रुपये का स्मारक सिक्का और डाक टिकट जारी करेंगी।
करीब 35 ग्राम वजनी इस सिक्के को चांदी, तांबे और निकल के मिश्रण से बनाया गया है। जयंती समारोह को लेकर आयोजकों ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।
सेवा सम्मान पर्व में भी लेंगी भाग
रायपुर में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दोपहर 3 बजे इनडोर स्टेडियम में आयोजित सेवा सम्मान पर्व में शामिल होंगी। उनके कार्यक्रम में गायत्री नगर स्थित जगन्नाथ मंदिर में दर्शन करना भी शामिल है।
राष्ट्रपति के आगमन को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। कार्यक्रम स्थलों और उनके आवागमन के निर्धारित मार्गों पर प्रशासन विशेष सतर्कता बरत रहा है।
जगदलपुर में मुरिया दरबार की परंपरा से होंगी रूबरू
दौरे के दूसरे दिन राष्ट्रपति जगदलपुर जाएंगी, जहां बस्तर दशहरा के दौरान आयोजित होने वाले पारंपरिक मुरिया दरबार में हिस्सा लेंगी। इस कार्यक्रम का आयोजन सिरहासार भवन में किया जाएगा। इसके बाद राष्ट्रपति लालबाग मैदान में आयोजित आमसभा को संबोधित करेंगी।
मुरिया दरबार बस्तर की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक परंपराओं से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन है। राष्ट्रपति की मौजूदगी को लेकर जगदलपुर में तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। प्रशासन सुरक्षा, यातायात और कार्यक्रम स्थल पर जरूरी व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने में जुटा है।
वन मंत्री ने लालबाग मैदान का किया दौरा
राष्ट्रपति के जगदलपुर आगमन से पहले वन मंत्री केदार कश्यप ने लालबाग मैदान पहुंचकर तैयारियों का निरीक्षण किया। उन्होंने मंच, अतिथियों के बैठने की व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध और यातायात संचालन की समीक्षा की।
मंत्री ने अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं तय समय सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए। प्रशासन का जोर राष्ट्रपति के कार्यक्रमों को सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने पर है।




